सडक़ों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
बिरासिनी दरबार से निकला भव्य जवारा जुलूस, कलेक्टर-एसपी ने की पूजा
बांधवभूमि न्यूज, तपस गुप्ता
मध्यप्रदेश
उमरिया
जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित मां बिरासिनी मंदिर का चल जवारा जुलूस इस बार भी अपने ख्याति के अनुरूप विशाल और ऐतिहासिक रहा। कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू द्वारा मंदिर प्रांगण मे मां काली की विधि विधान से पूजा-अर्चना के उपरांत सायं चार बजे जुलूस भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंदिर के उत्तरी द्वार से निकल कर प्रकाश चौराहा, सांई मंदिर होते हुए सगरा तालाब पहुंचा। जहां जवारों का विसर्जन किया गया। हजारों जवारा कलशों का जुलूस जैसे ही मुख्य मार्ग पर पहुंचा तो वहां विहंगम दृश्य उत्पन्न हो गया। ऐसा लग रहा था मानो किसी ने मीलों लंबी हरियाली की चादर बिछा दी हो। जुलूस मे भक्तों की तपस्या और विश्वास का समागम दिखा। आयोजन मे पूर्व मंत्री सुश्री मीना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष शंकुतला प्रधान, पूर्व नपाध्यक्ष पं. प्रकाश पालीवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आसुतोष अग्रवाल, सरजू अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। प्रशासन द्वारा जुलूस तथा विसर्जन स्थल पर प्रकाश एवं सुरक्षा के तमाम इंतजाम किए गए थे।
कालिका नृत्य और भक्तों का भावावेश
आगे-आगे नृत्य करती हुई कालिका और हांथ मे गर्म-गर्म खप्पर लिये पण्डा तो उनके पीछे कील की खडाऊ पहनकर भावावेश मे नाचते भक्त, मां के प्रति प्रेम और आस्था का उदाहरण प्रस्तुत कर रहे थे। माना जाता है कि मां के भक्ति प्रताप से न तो पंडे को खप्पर की तपन का अहसास होता है और न ही बाना छिदवाने वाले भक्तों को चुभन और पीड़ा का। अपने भक्तों पर ममता और कृपा बरसाने के कारण ही मां बिरासिनी का यह मंदिर देश भर मे प्रसिद्घ है। तभी तो लोग सैकड़ों मील दूर से मनौतियां लेकर मां के श्रीचरणों मे आते है। नवरात्र के दौरान अपना विशेष योगदान देने वाली संस्था मां बिरासनी सेवा समिति की झाकियां भी जुलूस मे शामिल हुई।
जगह-जगह विसर्जित हुए जवारे
सोमवार को जिले मे कई स्थानो पर जवारों का विसर्जन किया गया। इसी के सांथ शक्ति की उपासना का महान पर्व चैत्र नवरात्रि संपन्न हो गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नौ दिनो तक कठोर उपासना की। दोपहर बाद जिला मुख्यालय के विभिन्न मोहल्लों से एक के बाद एक जवारा जुलूस जैसे ही मुख्य मार्गो पर पहुंचे, पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। हर जुलूस का नेतृत्व महाकाली कर रहीं थी। जबकि पंडा हाथ मे खप्पर लिये बैंण्ड बाजों की धुन पर नृत्य करते हुए चल रहा था।
बहराधाम मे लगाई हाजिरी
इससे पूर्व शहर के लालपुर, नैगमा टोला तथा पुराना पड़ाव सहित कई जवारा जुलूस परंपरागत तरीके से बहराधाम पहुंचे। माता अन्नपूर्णा के मंदिर मे हाजिरी लगाने के बाद वे विसर्जन स्थल की ओर रवाना हो गये। इस अवसर पर जिले की सांस्कृतिक व सामाजिक संस्था श्री रघुराज मानस कला मंदिर के अध्यक्ष, पूर्व विधायक अजय सिंह एवं संस्था के पदाधिकारियों ने महाकाली की पूजा-अर्चना कर जुलूस का स्वागत किया।

