मानपुर सीएमओ, उपयंत्री ने किया जलस्त्रोतों का निरीक्षण
बांधवभूमि न्यूज, , रामाभिलाष त्रिपाठी
मध्यप्रदेश
उमरिया
मानपुर। शासन के निर्देशानुसार प्रदेश भर मे चल रहे जल संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर परिषद मानपुर मे भी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी तारतम्य मे विगत दिवस मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद कुशवाहा एवं उपयंत्री प्रभुनाथ पटेल द्वारा शहर के विभिन्न जल स्रोतों, पुराने कुओं, बावडिय़ों, जलाशय, हैंडपंप और पेयजल आपूर्ति स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्षेत्र से सटी नदियों मे बोरी बंधान कर जल संचयन हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के सांथ ही जलाशयों की सफाई कार्यों की समीक्षा की।
पेयजल संकट से होगा बचाव
सीएमओ श्री कुशवाहा ने बताया कि गर्मी के मौसम मे जल स्तर काफी नीचे चला जाता है। जिससे पेयजल संकट उत्पन्न होता है। ऐसे मे जल संवर्धन अभियान के तहत जल स्रोतों की सफाई, पुनर्भरण और सुधार हमारी प्राथमिकता है। यह अभियान केवल एक सरकारी योजना नहीं बल्कि जनहित से जुड़ा एक जरूरी प्रयास है।
प्रत्येक नागरिक को मिले स्वच्छ जल
उपयंत्री श्री पटेल ने बताया कि मानपुर विधायक सुश्री मीना सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती भारती सतीश सोनी के मार्गदर्शन तथा जिले के कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन के निर्देशों के अनुरूप जल संरक्षण से जुड़ी सभी गतिविधियों को प्रभावशाली ढंग से क्रियान्वित किया जा रहा है। इनमे हैंडपंपों की मरम्मत, नये खनन कार्य, जलाशयों की सफाई और बोरी बंधान जैसे कार्य शामिल हैं। नगर प्रशासन की कोशिश है कि जल संकट की चुनौती से समय रहते निपटा जाय और प्रत्येक नागरिक को पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो।

