दमोह घटना के आरोपियों पर हो कार्यवाही
मुख्य नगरपालिका अधिकारी कल्याण संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
बांधवभूमि न्यूज
मध्यप्रदेश
उमरिया
प्रदेश के दमोह जिले मे सीएमओ के साथ किये गये दुष्कृत्य की घटना पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी कल्याण संघ ने कड़ा ऐतराज जताया है। प्रदेश के निकायों मे पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों मे इसे लेकर भारी रोष व्याप्त है। इस मुद्दे पर गुरूवार को मुख्य नगरपालिका अधिकारी संघ ने सीएमओ किशन सिंह ठाकुर के नेतृत्व मे मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन को सौंपा है। संघ की मांग है कि घटना के आरोपियों पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही की जाय।
यह है मामला
मामले की जानकारी देते हुए मुख्य नगरपालिका अधिकारी किशन सिंह ठाकुर ने बताया कि विगत 29 मार्च को ठेकेदार विवेक अग्रवाल द्वारा दमोह के मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप शर्मा के निवास पर जाकर उनके मुंह मे काली स्याही पोतने का दुष्कृत्य किया गया। जिससे न केवल श्री शर्मा बल्कि विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। इस घटना से विभागीय अमले का मनोबल भी कमजोर हुआ है।
मामले को दबा रहा जिला प्रशासन
अधिकारी संघ का आरोप है कि जिला प्रशासन दमोह मे ऐसा शर्मनाक कृत्य करने वाले अपराधियों पर कोई कार्यवाही करने की बजाय मामले को दबाने मे जुटा हुआ है। उन्होने बताया कि प्रशासन जांच कमेटी का गठन कर इस शर्मनाक घटना पर पर्दा डालने का प्रयास कर रहा है। जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद है। वहीं इस निर्णय से अधिकारियों तथा कर्मचारियों मे असंतोष व्याप्त है। सीएमओ किशन सिंह नेे बताया कि राज्य मे पहले भी इस प्रकार की कई घटनायें हो चुकी है। शासन द्वारा उचित कदम नहीं उठाने से नगरीय प्रशासन के अमले से दुव्र्यवहार की घटनायें बढ़ती जा रही है।
नहीं तो होगा काम बंद आंदोलन
मुख्य नगरपालिका कल्याण संघ के ज्ञापन मे दमोह घटना के अपराधियों पर ऑन ड्यूटी शासकीय सेवक पर हमला करने तथा शासकीय कार्य मे बाधा पहुंचाने की धाराओं मे मुकदमा दर्ज कराने की मांग की गई है। सांथ ही ऐसा नहीं करने पर काम बंद आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है। इस अवसर पर जिले की नगर पालिकाओं तथा नगर पंचायतों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

