जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस ने जताई चिंता
उमरिया। कांग्रेस ने जिले मे बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों पर चिंता जाहिर की है। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अशोक गौंटिया ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राज्य मे भाजपा की सरकार बनते ही अपराधी निरंकुश हो चले हैं। आये दिन दुकानो मे चोरियां, लूट और हत्या जैसी गंभीर वारदातों मे तेजी आई है। जिले मे भी हालात पूर्व के जैसे होते जा रहे हैं। पिछले एक सप्ताह मे ही कियोस्क संचालक पर दिन दहाड़े जानलेवा हमला कर लूट और जिला मुख्यालय मे चोरियों सहित अनेक गंभीर अपराध कारित हुए हैं, जिससे साबित होता है कि असमाजिक तत्वों के होंसले किस रह बुलंद हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार एवं मुख्यमंत्री का सारा ध्यान केवल उप चुनावों वाले क्षेत्रों मे है, जिसका खामियाजा पूरे प्रदेश को भुगतना पड़ रहा है। उमरिया जिले मे खनिज की लूट मची हुई है वहीं आम नागरिकों के सांथ खुलेआम शोषण और अत्याचार हो रहा है। पार्टी प्रवक्ता श्री गौंटिया ने बताया कि संगठन की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं नेताप्रतिपक्ष कमलनाथ जी को जिले की लचर कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों के संबंध मे अवगत कराया गया है, जिस पर उन्होने अपने स्तर पर कार्यवाही का भरोसा दिलाया है।

